प्रतिलिप्याधिकार/सर्वाधिकार सुरक्षित ©

इस ब्लॉग पर प्रकाशित अभिव्यक्ति (संदर्भित-संकलित गीत /चित्र /आलेख अथवा निबंध को छोड़ कर) पूर्णत: मौलिक एवं सर्वाधिकार सुरक्षित है।
यदि कहीं प्रकाशित करना चाहें तो yashwant009@gmail.com द्वारा पूर्वानुमति/सहमति अवश्य प्राप्त कर लें।

20 December 2022

एकाधिकार देश के लिए कैसे घातक सिद्ध होता है, क्या आप जानना चाहते हैं?....गिरीश मालवीय©

एकाधिकार देश के लिए कैसे घातक सिद्ध होता है  क्या आप जानना चाहते हैं?
.
आज देश का सीमेंट कारोबार अडानी के कब्जे में जा चुका है 
देश की दो जानीमानी सीमेंट कारोबारी कंपनियों को इस साल के मध्य में अडानी ग्रुप ने एक साथ खरीद लिया...... हम बात कर रहे हैं एसीसी और अंबुजा सीमेंट की
इन दोनो कंपनियों के हिमाचल प्रदेश में बड़े प्लांट है जो पूरे उत्तर भारत में सीमेंट आपूर्ति में महत्तवपूर्ण भूमिका निभाते हैं
पिछले हफ्ते अचानक अडानी ग्रुप ने हिमाचल प्रदेश में जिला बिलासपुर के एसीसी और सोलन के दाड़लाघाट स्थित अंबुजा सीमेंट प्लांट को बंद कर दिया
आखिर ये निर्णय क्यों लिया गया ये जानना दिलचस्प है
मामला अंबुजा सीमेंट् प्लांट से जुड़ा हुआ है जब इस प्लांट की स्थापना की गई थी तो इसके मालिक न्योतिया जी थे सन् 1995 में अंबुजा सीमेंट कंपनी के मालिक व सीमेट फेक्ट्री की जमीन के लिए गए लैंड  भू.विस्थापितों में समझौता हुआ था कि परिवार के एक सदस्य को कंपनी में शैक्षणिक योग्यतानुसार नौकरी दी जाएगी तथा वह परिवार क्लींकर व सीमेंट ढुलाई के लिए ट्रक भी खरीद सकता है। जिनकी जमीनें ली गई उन अधिकांश  परिवारों ने टोकन लेकर अपने ट्रक भी संचालित किए तथा परिवार के एक सदस्य को कंपनी में नौकरी भी प्राप्त हो गई
जिन लोगो ने ट्रक ले लिए उन्होने एक यूनियन बनाई बाद में ये देश की सबसे बड़ी ट्रक यूनियन बन गईं और मजबूत होती चली गई इस वक्त ट्रक ऑपरेटर सोसायटियों से जुड़ी यूनियन के करीब पांच हजार ट्रक संचालित होते है
लेकिन जब कुछ महीने पहले अदानी समूह के इस कंपनी को टेक ओवर किया तो उन्होने कॉस्ट कटिंग पर काम करना शुरू कर दिया प्रबंधक वर्ग ने कहा है कि नौकरी व व्यापार इकट्ठा नहीं चलेगा। या तो नौकरी कर लो या ट्रक चला लो 
दूसरी तरफ अडानी प्रबंधन ने ट्रक यूनियन से ट्रक द्वारा सीमेन्ट ढुलाई की दर को कम करने को कहा अभी तक ट्रक यूनियन प्रति टन 10 रुपये ढुलाई ले रही थी उसे अडानी प्रबंधन कंपनी इसे 6 रुपये तक करने को कहा 
अडानी ग्रुप चाहता है कि ट्रक ऑपरेटर 2005 में किए गए समझौते के हिसाब से 6 रुपए प्रति टन ले जबकि ट्रक ऑपरेटर 2019 वाला रेट मांग रहे हैं जो कि सही भी है 
यहा दिक्कत यह भी है कि पहाड़ी राज्य होने के कारण हिमाचल में सीमेंट और अन्य माल ढुलाई का ट्रक भाड़ा ज्यादा रहता है। अन्य पहाड़ी राज्यों में भी माल ढुलाई का भाड़ा ज्यादा रहता है। जबकि मैदानी इलाकों में माल ढुलाई भाड़ा पहाड़ों से आधा रहता है। अडानी प्रबंधन चाहता है कि मैदानी क्षेत्रों वाला ही 6 रुपये प्रति टन ढुलाई दी जाए 
ट्रक यूनियन वालो का कहना है कि वे साल 2019 के रेट पर ही काम कर रहे हैं, लेकिन कंपनी उन पर रेट कम करने का दबाव बना रही है. ऐसे में जब ट्रक यूनियन ने कंपनी की बात नहीं मानी, तो कंपनी ने नुकसान का हवाला देते हुए दोनों प्लांट को बंद करने का फैसला लिया है.।
इसके साथ ही कुछ महीने पहले अंबुजा और एसीसी ने अपनी सीमैंट महंगी की है जिसे हिमाचल की नव निर्मित कांग्रेस सरकार द्वारा कम करने को  कहा जा रहा था , अडानी को हिमाचल प्रदेश में बनी कांग्रेस की सरकार फूटी आंख भी नही सुहा रही है 
चूंकि अब तक दोनो कंपनियों के मालिक अलग अलग थे इसलिए आपस में कॉम्पिटिशन के कारण सरकार और जनता को प्रतिस्पर्धी रेट मिल जाता था लेकिन जेसे ही दोनो प्लांट एक ही आदमी यानि अडानी ने खरीद लिए तो उसने अपनी मनमानी शुरू कर दी इन दोनों सीमेंट प्लांट से हिमाचल प्रदेश के हजारों लोगों का रोजगार जुड़ा है. ऐसे में प्लांट बंद होने की वजह से इन लोगों के रोजगार पर खतरा मंडरा रहा है. साथ ही आम आदमी को भी सीमेंट महंगा मिल रहा है 
अगर किसी भी सेक्टर में एक ही कम्पनी रह जाती है और कॉम्पिटिशन समाप्त हो जाता है तो वहा एकाधिकार यानि मोनो पॉली बन जाती हैं सीमेंट निर्माण के क्षेत्र में अब अडानी की मोनीपॉली हो गई है और उनके सैया तो है ही कोतवाल.....

(गिरीश मालवीय जी की फ़ेसबुक पोस्ट)

16 November 2022

कह दो मन की बातों को



इससे पहले कि प्रलय आकर,
बंद कर दे सब दरवाजों को।
इससे पहले कि पलकें खुलकर
भूलें सारे ख्वाबों को।
कह दो मन की बातों को।।

इससे पहले कि सुबह आ कर
मिटा दे बीती शामों को
इससे पहले कि साथ छूटे
कुछ पल थाम लो हाथों को।
कह दो मन की बातों को।

इससे पहले कि दर्पण टूटे
बह जाने दो आंसु को।
इससे पहले कि किरचे बिखरें
फैला दो अपनी बाहों को।
कह दो मन की बातों को।

इससे पहले कि तस्वीर बनो
बन जाने दो तकदीरों को
ठुकराए जाने के पहले
लिख दो प्रेम की तकरीरों को।

इससे पहले कि सावन बरसे
पत्तों को झर जाने दो।
कह दो मन की बातों को।
.
- यशवन्त माथुर©
16112022

06 November 2022

नहीं जानता....

नहीं जानता 
कि मेरा अंतर्मन 
कब-क्या-कहाँ 
कैसे 
कहीं उड़ जाना चाहता है
इस लोक की परिधि में 
उस लोक का 
वास्तविक आभास कर 
गहरे काले 
अंतरिक्ष में हर तरफ 
छिटके हुए 
शब्दों-वर्णों को सहेजकर  
बिना वजह  
बिना किसी 
संदर्भ-अर्थ 
और 
बिना किसी व्याख्या के ही 
न जाने क्यों 
उजले पन्नों पर 
स्याह होकर
बिखर जाना चाहता है।  
नहीं जानता
कि विकार होते हुए भी 
निर्विकार होने की 
आत्ममुग्धता का 
सुख भोग कर 
मेरा अंतर्मन 
अपनी कल्पना के 
न जाने किस चरम पर 
क्या कहना 
और क्या 
लिखवाना चाहता है... 
बस जानता है 
तो सिर्फ इतना 
कि 
खुद के चाहने भर से 
पल भर में ही 
वह घूम सकता है
सूक्ष्मतम से भी सूक्ष्म 
किसी 
असीम बिन्दु के 
चारों ओर। 

-यशवन्त माथुर©
29092022

21 September 2022

वरना पैसा कट जाएगा.....

10 हजार बनाकर रखो 
वरना पैसा कट जाएगा 
रूखी-सूखी कमाने वाला 
ऐसे ही निपट जाएगा । 

साहूकार तो साहूकार है 
खाता खोला, उपकार है 
मेंटेनेंस चार्ज के प्रतिकार पर 
मुंह में जीरा गिर जाएगा। 

10 हजार बनाकर रखो 
वरना पैसा कट जाएगा । 

'सर्विस जेस्चर' बोल-बोलकर 
हिसाब पुराने खोल-खोलकर 
ई-मेल की मीठी गोली से 
किसका ही घर चल पाएगा। 

10 हजार बनाकर रखो 
वरना पैसा कट जाएगा । 

निजीकरण का दौर है फंस लो 
गर्दन तक इस में ही धंस लो 
एच डी एफ सी,  महा लुटेरा 
हो सके तो इससे बच लो । 

नहीं बचे तो अपना समझो 
चरस नई बोता जाएगा 
10 हजार बनाकर रखो 
वरना पैसा कट जाएगा ।

-यशवन्त माथुर©
21092022

09 September 2022

आओ भारत को जोड़ें हम......


हो साहस जब तन और मन में 
क्यों सच से मुख मोड़ें हम 
टूट कर जो है बिखर रहा 
आओ भारत को जोड़ें हम। 

बहुत कर लिया हिन्दू-मुस्लिम 
बहुत हो गईं खाप की बातें 
मुद्दे अपने खुद ही चुन लो 
कर लो अपने आप की बातें। 

इधर देखो महंगाई बहुत है 
उधर बढ़ रही बेरोजगारी 
आमद अठन्नी, खर्च रुपैया 
कैसे चले जीवन की गाड़ी?

मजदूर-किसान आधार हमारा 
प्रगति पथ का हर पल साथी 
लेकिन पूंजी समेट बन रहे 
कुछ लोग बड़े महलों के वासी। 

70 साल का बना बनाया 
मत सस्ते में लुटने दो 
अस्मिता की सांसें टूट रहीं 
उसका दम मत घुटने दो। 

फिर से आदिम युग में लौटें 
या समय पर संभलें हम 
अपनी साझी विरासत सहेजें 
आओ भारत को जोड़ें हम। 

-यशवन्त माथुर©

21 August 2022

कुछ लोग-56

संस्थानों में 
वरिष्ठ पदों पर आसीन 
कुछ लोग 
या तो 
कनिष्ठों से होते हैं मित्रवत 
दी गई सीमा के भीतर 
उनसे काम करा लेने वाले 
उनके दिल में 
एक खास मुकाम बनाने वाले 
या होते हैं
इस कदर टेढ़े 
कि मुस्कुराते हुए भी 
दिखा ही देते हैं 
अपनी अकुशलता के प्रतिरूप.....  
क्योंकि 
उनको भाता है
अपने कार्मिकों के  
आपस की 
हर बात पर 
प्रतिबंध लगाना ...
क्योंकि 
वह सिर्फ चाहते हैं
अपने इशारों पर नचाना 
और क्योंकि 
अपने हल्के होते 
कार्यभार के कारण  
उनके पास बचता नहीं 
अपने लिए 
कोई भी बहाना। 
ऐसे लोग 
अपने निहित स्वार्थ के लिए 
कुछ समय को  
कर सकते हैं 
किसी एक 
सीधे-सच्चे इंसान को 
अस्थिर और परेशान  
लेकिन 
खुद के बोए काँटों पर चलना 
शायद उनके लिए भी 
नहीं होता आसान। 

-यशवन्त माथुर©
21082022

15 August 2022

आजादी का जश्न मनाएँ ?


चौराहों पर अक्सर दिखते
हाथ फैलाए भूखे नंगे
इंसान से इंसान ही कहता
दूर हटो! रे! भिखमंगे

फिर भी हैं कुछ
जो खिला पिला कर
महंगाई में दया दिखाएँ 
आजादी का जश्न मनाएँ ?
 
बचपन के दो गजब नजारे
दिखते अक्सर आते जाते
एक -  स्कूल में पढ़ते लिखते
दूसरे- कूड़ा बीन सकुचाएँ 
आजादी का जश्न मनाएँ ?
 
खत्म हुआ सब रिश्ता नाता
कोरोना दूरी बनवाता
ऐसे में कैसे कुछ मीठा
जब हो सबकुछ
खट्टा तीता। 

हिन्दू-मुस्लिम-सिख-ईसाई 
आपस में सब लड़ते जाएँ  
आजादी का जश्न मनाएँ ?

निरपेक्षता के स्थायी भाव में 
संविधान की आत्मा बसती 
लेकिन 'नए भारत' में 
बसा रहे हम कैसी बस्ती ?

मजदूर किसान की दुर्गति में
'अमृत' को कैसे 'वर्षाएँ '
आजादी का जश्न मनाएँ ?
 
माना हुए वर्ष पचहत्तर
सौ , दो सौ , और हजार भी होंगे
सब ऐसे चलता रहा तो
जाने कैसे कहां को होंगे
 
फिर क्यों सच को
भूल-भाल कर
आंख मूंद कर खुश हो जाएँ 
आजादी का जश्न मनाएँ ?
 
-यशवन्त माथुर©

07 August 2022

Bad Image Error और हम......

ल पापा के कंप्यूटर पर यह एरर आने लगी। काफी जतन करने के बाद भी जब नहीं सुधरी तो फॉर्मेट करके विंडोज को फिर से डालना पड़ा।

कुछ लोग ऐसी ही bad image अचानक से हमारे आस पास आकर बना लेते हैं। जब तक उनसे बनती है तब तक हमें यह पता तक नहीं चलता कि हमारे लिए उनके मन में क्या क्या भरा है और फिर एक दिन उनकी जुबान से जो 'प्रशंसा गीत' झरते हैं तब यह एरर वास्तव में डिटेक्ट होती है।

इस एरर को ठीक करने के प्रयास तो हम उनसे बात करके/ खोजबीन करके /गलतफहमी को दूर करके करते ही हैं और फिर भी जब बात न बने तो ऐसे में हमें अपने फ्रेंड सर्किल को फॉर्मेट करना ही पड़ता है।

पुरानी बातों और यादों के सारे सॉफ्टवेयर फिर से इंस्टाल या री-इंस्टाल करने की यह कसरत थोड़ी लम्बी और थकाऊ होने के साथ सिरदर्द और तनाव देकर आखिरकार कुछ समय के लिए आंखों को शटडाउन करा सोने को मजबूर कर देती है।

...और फिर जब एक नई सुबह, एक नए ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ हम अपनी जीवन यात्रा फिर से शुरू करते हैं तब लगता है कि यह फॉर्मेटिंग कितनी जरूरी थी।

-यशवन्त माथुर ©
07 अगस्त 2022 

17 July 2022

सड़क



लगता है
सड़क
सड़क नहीं, नदी है! 
जिस पर चलने वाले वाहन, 
पानी का सैलाब हैं। 
कहीं किसी किनारे खड़े 
हम जैसे लोगों को भी 
इन लहरों का हिस्सा बन कर 
चाहे अनचाहे 
मिल ही जाना होता है जीवन चक्र में;
हमेशा से हमेशा ही।

-यशवन्त माथुर©
14072022 

09 July 2022

सोचता हूँ ......


सोचता हूँ 
जीवन के हर सूक्ष्म 
या सूक्ष्मतम पल पर 
हमारे चेतन या अवचेतन में 
पलने वाली 
हर दुआ-बददुआ का 
अंततः क्या होता होगा?
कुछ को तो हम 
देख ही लेते हैं 
प्रत्यक्ष 
फलीभूत होते हुए 
और कुछ की 
युगों जैसी 
प्रतीक्षा करते हुए 
निकल पड़ते हैं 
शून्य से शून्य की 
अनंत यात्रा पर 
सब कुछ छोड़ कर 
सब कुछ भूल कर 
सिर्फ 
प्रारब्ध की 
उस बड़ी सी 
पोटली के साथ 
जिसकी हर तह में 
हिसाब होता है 
दुआ और बददुआ के 
हर छोटे-बड़े 
व्यापार का। 

-यशवन्त माथुर©
09072022

30 June 2022

बरसात

(सुनने के लिए कृपया पधारें: https://youtu.be/p9QVmeMM4ek)

बरसात!
अब नहीं रही 
पहले जैसी 
बचपन जैसी 
अल्हड़- 
बेबाक- 
खुशगवार  
देहरी पर 
जिसका 
पहला कदम पड़ते ही 
तन के साथ 
मन भी झूम उठता था 
बादलों की गरज 
और रिमझिम के साथ 
कहा और लिखा जाने वाला 
एक-एक शब्द 
नई परवाज़ के साथ 
रचा करता था 
इतिहास के 
नए पन्ने। 

बरसात!
अब नहीं लाती  
खुशियां 
लाती है तो सिर्फ 
गंदी-बदबूदार नफरत 
जिसे बहने का रास्ता 
अगर मिल जाता 
तो मंजिल तक 
जाने वाला रास्ता 
नहीं होता 
ऊबड़-खाबड़ 
और गड्ढे दार। 


-यशवन्त माथुर©

14 May 2022

अनुत्तरित प्रश्न......


यूं तो 
मन के हर कोने में 
विचरते रहते हैं 
ढेर सारे प्रश्न 
और उनके 
सटीक 
या अनुमानित उत्तर 
फिर भी 
कुछ ऐसे प्रश्न भी होते हैं 
जिनके उत्तर की चाह में 
सैकड़ों योनियों में भटकते हुए 
बीत जाते हैं 
कितने ही पूर्व 
और भावी जन्म। 
हम 
कितने ही चोले बदलते हुए 
कितने ही देश-काल 
और परिस्थितियों से जूझते हुए 
कितनी ही भाषाओं -
संस्कृतियों से गुजरते हुए 
संभावित मोक्ष की देहरी पर 
दस्तक देते हुए भी 
अतृप्त रह ही जाते हैं 
क्योंकि 
अपने अजीब से 
मोहपाश में बांधकर 
अनुत्तरित प्रश्नों का 
एकमात्र लक्ष्य 
अनुत्तरित ही रहना होता है 
सदा-सर्वदा के लिए। 

-यशवन्त माथुर©
14052022

12 May 2022

तो कैसा हो?

मन 
कोरे कागज़ की तरह 
बिल्कुल खाली 
और नीरस हो 
तो कैसा हो?
शायद वैसा 
जैसा जीवन की देहरी पर 
पहला कदम रखते ही 
किसी नवजात का होता है 
या फिर 
किसी निर्मोही आवरण में 
कोई अपवाद हो
तो कैसा हो?
स्वाभाविक भेदों की तरह 
बिखरे रह कर भी 
गर शब्द निष्कपट हों 
तो कैसा हो?

-यशवन्त माथुर©
08052022 

18 April 2022

दो पल ....

एक भूले हुए दिन 
यहीं कहीं 
किसी कोने में 
मैंने रख छोड़े थे 
दो पल 
खुद के लिए।  
सोचा था-
जब कभी मन 
उन्मुक्त होगा 
किसी खिले हुए गुलाब की 
सब ओर फैली 
खुशबू की तरह 
तब उनमें से 
एक पल चुराकर 
महसूस कर लूँगा 
जेठ की तपती दोपहर में 
थोड़ी सी ठंडक। 
लेकिन 
भागमभाग भरे 
इस जीवन में 
कितने ही मौसम 
आए और गए 
कोने बदलते रहे 
मगर वो दो पल 
अभी भी वैसे ही 
सहेजे रखे हैं 
जीवन भर की 
जमा पूंजी की तरह। 

-यशवन्त माथुर©
18042022

29 March 2022

गेहूं का खेत और सभ्यता


पके हुए गेहूं से 
भरा-पूरा एक खेत 
और 
इस जैसे 
कई और खेत 
कभी 
किसी दौर में 
जकड़े रहते थे
बीघों फैली मिट्टी को 
जड़ों के 
रक्षासूत्र से। 

उस रक्षासूत्र से 
जिसकी आपस में उलझी 
कितनी ही गांठें
तने से मिलकर 
ले लेती थीं रूप 
बालियों जैसे 
खूबसूरत 
स्वर्ण कणों का।

लेकिन अब
अब   
कंक्रीट की 
सभ्यता के बीचों-बीच 
साँसों को गिनती 
झुर्रीदार 
बूढ़ी मिट्टी
किसी दुर्योधन के  
कँगूरेदार 
घोंसले की नींव में 
दफन हो कर 
हो जाना चाहती है 
इस लोक से मुक्त 
क्योंकि 
उसकी इज्जत का रखवाला 
कलियुग में 
कहीं कोई कृष्ण 
अब शेष नहीं।  

-यशवन्त माथुर©
29032022 

12 March 2022

पूर्णविराम की राह पर ....


यूं!
जैसे शिखर से
मिलने के बाद 
धीरे-धीरे 
सूरज भी खोता है 
अपना यौवन 

यूं!
जैसे चरम से 
मिलने के बाद
शेष रहता है 
सिर्फ शून्य 

यूं! 
जैसे प्रतीक्षा के 
दीर्घ अंतराल के बाद
प्रारब्ध का संघर्ष 
निकल पड़ता है 
विजयपथ की ओर 

शायद! 
ठीक वैसे ही 
महत्त्वाकांक्षाओं 
और अपेक्षाओं के 
बदलते मौसमों के साथ 
पूर्णविराम की राह पर 
गर रख सका 
पहला कदम 
तो मेरे हिस्से का 
अवशेष नाम 
शब्दों के झुरमुट में  
गुमशुदा हो ही  जाएगा 
एक अदृश्य अपूर्ण 
बिन्दु बनकर!

-यशवन्त माथुर©
12032022

24 February 2022

बदलते रंग

कभी धूप 
कभी छाँव के 
बदलते रंगों में 
कोशिश करता हूँ 
एक रंग 
अपना पाने की 
और उसी में घुलकर 
उस जैसा ही हो जाने की 
दुनियावी मायाजाल को समझकर 
धारा के साथ ही 
बह जाने की। 

लेकिन मेरे भीतर बैठा 
मेरा अपना सच 
लाख चाहने के बाद भी
डिगा नहीं पाता 
कतरे-कतरे में घुली 
रची और बसी
मौन  
विद्रोही प्रवृत्ति को 
जो अपने चरम के पार 
मुखर होते ही 
बेरंग कर देती है 
बहुत से रंगों को। 

और इसलिए 
सिर्फ इसीलिए 
जीवन के 
किसी एक क्षण भर को 
जी लेना चाहता हूँ 
बसंत बन कर 
ताकि रहे न कोई अफसोस 
ताउम्र 
रंगहीन होने का। 

-यशवन्त माथुर©
24022022

10 February 2022

दौर बदलना बाकी है ...


कितना कुछ लिख डाला 
और कितना लिखना बाकी है 
शब्दों के मयखाने में 
और कितना पीना बाकी है। 

करता कोशिश कुछ कहने की
लेकिन सुनना बाकी है 
बन जाए जिनसे कोई कविता 
वो अक्षर चुनना बाकी है।  

देखो बसंत की इस हवा को 
और कितना बहना बाकी है 
दूर नहीं दोपहर जेठ की 
बस दौर बदलना बाकी है। 

-यशवन्त माथुर ©
10022022 

02 February 2022

क्या होगा इनबॉक्स में आकर?


क्या होगा
इनबॉक्स में आकर?
क्या होगा
मुखौटा उतारकर 
जो तुम कहना चाहते
मुझे सुनना नहीं
जो मुझे कहना है
पढलो 
मेरी वॉल पर आकर।
क्या होगा
इनबॉक्स में आकर?
रख दोगे
अपना चरित्र
गिरवी अपने शब्दों से
और चाहोगे
मैं गिर जाऊं
तुम्हारी बातों में आकर।
क्या होगा
इनबॉक्स में आकर?
नख-शिख तक
देह-वस्त्र विश्लेषण
क्या करूं
मैं तुमसे पाकर
क्या होगा 
इनबॉक्स में आकर?
अपनी राह पर
तुम चलो
और चलने दो
मित्रता पाकर
भले अगर मानस हो सच में
क्या होगा 
इनबॉक्स में आकर?

(महिलाओं के सोशल मीडिया इनबॉक्स में बेवजह आने वाले शूर वीरों को समर्पित)

-यशवन्त माथुर©
02022022

01 February 2022

भूले हुए रास्ते ....

बीतते समय के साथ 
भूलते हुए 
अपना गुजरा हुआ कल 
हम चलते चले जाते हैं 
अनजान पगडंडियों पर 
जिनपर छूटे हुए 
हमारे कदमों के निशान 
या तो बने रहते हैं स्थायी 
या वह भी 
मिट ही जाते हैं 
एक न एक दिन 
एक कहानी बनकर 
कभी किसी स्वप्न में .. 
किसी और वास्तविकता में 
याद तो आते ही हैं 
हमारे पूरे-अधूरे रास्ते
जिनपर चलकर 
किसी  बीते दौर में 
हमको मिली ही होगी 
अपनी मंजिल 
इसलिए 
भूलना चाहकर भी 
हमारे अवचेतन से 
नहीं निकलते 
भूले हुए रास्ते 
और बीता हुआ कल। 

-यशवन्त माथुर©

26 January 2022

गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ....

मेरी आन-बान-शान तिरंगा 
मेरा स्वाभिमान है 
जो कुछ करूँ या सोचूँ 
इस पर हर कतरा कुर्बान है। 

कितने ही गीत लिखे जा चुके 
कितने ही लिखने बाकी हैं 
दुश्मन की छाती पे चढ़ने को 
सिर्फ जयकारे ही काफी हैं। 

कहीं रेत के टीले ऊँचे 
कहीं बर्फीले तूफान हैं 
सीमा की हर बंदिश पर 
जय-जय वीर जवान हैं। 

गणतंत्र के प्रेरक अपने 
तीन रंग, चक्र निशान हैं 
इनके लहराने से मिलती 
हमें अतुल्य पहचान है। 

-यशवन्त माथुर©
25012022 

16 January 2022

अंतराल

स्वाभाविक होता है 
अंतराल..  
कभी 
आत्ममंथन के लिए
कभी 
एकांत चिंतन के लिए  
और कभी 
बस यूं ही 
कुछ पल के 
सुकून के लिए 
भीड़ से दूर 
या भीड़ के बीच भी 
औपचारिक 
आत्मीयता के साथ भी- 
अलग भी 
अंतराल .. 
अपने साथ 
सहेजता है 
कुछ यादें 
और खुद से किए 
कुछ वादे 
क्योंकि 
अंतराल 
अपनी क्षणभंगुरता में 
बो देता है बीज 
किसी और 
भावी अंतराल के। 

-यशवन्त माथुर©
16012022 

.

01 January 2022

सबको नया साल मुबारक

सुबह नई, बातें वही
सूरज को नमस्कार मुबारक
परिवर्तन शुभ हो समय का
सबको नया साल मुबारक।

महंगाई को झेल रहे सब
बेरोजगारी के आलम में 
फुटपाथ पे रहने वालों को
महलों के सब ख्वाब मुबारक।

शतरंजी चालों को चलते
चुनावी वादों को करते
भीतर से जो सभी एक हैं
उनको जीत और हार मुबारक।

सबको नया साल मुबारक
उम्मीदों का हर हाल मुबारक
हर 'आम'  खास बने कभी
ऐसा हर एहसास मुबारक।

 सबको नया साल मुबारक।

-यशवन्त माथुर©
+Get Now!